दिलदारनगर (गाजीपुर)। रक्साहां ग्राम सभा के जगदीशपुर गांव में बीते गुरुवार को बरात के दौरान हुए बवाल में दूल्हे राकेश राम की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सोमवार की शाम दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को रक्साहां गांव स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल के पास से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में जमानियां कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर मांझा निवासी लड़की के जीजा विनोद राम तथा उसके गांव का ही एक नाबालिग शामिल है।
पुलिस ने पूछताछ में विनोद राम के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी ब्रिगेडियर राम के पुत्र राकेश राम की बरात गुरुवार को जगदीशपुर निवासी राजेंद्र राम के यहां गई थी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान फोटो खींचने और डीजे पर नाचने को लेकर बारातियों और घरातियों के युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी।
हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। कुछ देर बाद जब दूल्हा राकेश राम अपने पिता ब्रिगेडियर राम को बचाने गया तो हमलावरों ने उसे भी बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल राकेश को तत्काल वाराणसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना में लाठी-डंडों से हुई मारपीट में अन्य नौ लोग भी घायल हुए थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि आरोपी विनोद राम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने बांस के डंडे से दूल्हे के सिर पर वार किया था, जिससे उसकी जान चली गई। इस मामले में पुलिस शेष पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।










