जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय विकास खंड सभागार में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे “हमारी योजना-हमारा विकास” कार्यक्रम के तहत ग्राम प्रधानों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें पंचायत राज अधिनियम, आयकर रिटर्न, जीएसटी दाखिल करने की प्रक्रिया एवं महिला प्रधानों के अधिकारों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीओ पंचायत उमेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों के समुचित विकास के लिए प्रधानों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्हें अपनी पंचायत की योजनाओं एवं वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक जानकारी होनी चाहिए। एडीओ आईएसबी दिग्विजय सिंह ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानों को सरकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी रखनी चाहिए और सही ढंग से उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए।
उक्त कार्यक्रम में पंचायत संचालन से संबंधित उद्देश्य‚ महत्वपूर्ण घटक‚ रिसोर्स इनवलप का निर्धारण‚ मानव एवं वित्तीय संसाधन आदि महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
इस अवसर पर मनोज कुमार‚ विनोद यादव‚ जितेन्द्र कुमार‚ सच्चिदानंद पासवान‚ महेश कुमार‚ रवि रंजन सिह‚ संजय सिंह‚ रामानंद यादव आदि ग्राम प्रधान सहित विकासखंड के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।