जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गांव में रविवार की शाम एक युवक द्वारा विषाक्त पदार्थ खाकर अपनी जान देने का मामला सामने आया है। मृतक की मां ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
मंझरिया गांव निवासिनी दिलवासी देवी पत्नी स्व. बृजनाथ यादव उर्फ बिरजू ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका 29 वर्षीय छोटे पुत्र जंगबहादुर की शादी 10 दिसंबर 2020 को चंदा पुत्री मुन्ना यादव निवासी पाह सैयदराजा जमानियां से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही मेरी बहु चंदा का वैवाहिक संबंध मेरे पुत्र के साथ ठीक नहीं था।
इसे लेकर पूर्व में पंचायत भी हुई थी। और इसी बात को लेकर रविवार को भी मेरे घर पर ही बहु के पिता व भाई तथा गांव के ग्राम प्रधान व कुछ अन्य लोगों की उपस्थिति में पंचायत हुई। पंचायत के दौरान ही दोनों के विवाह विच्छेद की बात हो रही थी। इस दौरान बहु चंदा देवी, उसके पिता व भाई तथा गांव की ही एक महिला की बातों से प्रताड़ित होकर मेरे पुत्र ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। जिसे पीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ही मेरे पुत्र ने दम तोड़ दिया। पीड़ित मां ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं जिनमें बड़ा पुत्र लोक निर्माण विभाग वाराणसी में कार्यरत है तथा उनका छोटा पुत्र जंगबहादुर (मृतक) सोनभद्र में रहकर सीएमओ का वाहन चलाता था और रविवार की सुबह ही पंचायत के लिए मंझरिया घर गया हुआ था। जिसके बाद यह घटना घटित हो गया।
इसे लेकर मृतक की मां ने अपनी बहु, उसके पिता, भाई व गांव की ही एक महिला पर पुत्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










