चोरों का कहर, घर में उतर कर उड़ाए लाखों के गहने व नगदी

जमानियां (गाजीपुर)। ठंड के मौसम के दस्तक देने से पहले ही चोरों ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। कुछ इसी तरह का मामला स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के बरूईन गांव में देखने को मिला, जहां गुरुवार को अज्ञात चोरों ने लाखों के गहने व नगदी की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

बरूईन गांव के मठिया मोहल्ला निवासी हृदय नारायण यादव के पुत्र अभय यादव ने गुरुवार की सुबह स्टेशन पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने घर से महज 20 कदम की दूरी बने द्वार पर बुधवार की रात सोए हुए थे और घर के एक कमरे में उनकी पत्नी सरिता देवी और बहन वंदना सोई हुई थी। गुरुवार की भोर करीब 4 बजे पत्नी सरिता जब जगी तो बगल वाले कमरे का दरवाजा खुला देख कर सन्न रह गई।

कमरे के अंदर जाकर देखी तो अलमारी, अटैची, बक्सा खुला हुआ और उसमें रखा कपड़ा व अन्य सामान बिखरा हुआ था साथ ही आलमारी व बक्से में रखा सोने चांदी के गहने व नगदी चोरी हो चुका था। यह देख सरिता व बहन वंदना रोने बिलखने लगी और तुरन्त आकर मुझे जगाया और घर में हुई चोरी की घटना की जानकारी दी।

पीड़ित अभय ने बताया कि चोरी की इस घटना में चोरों ने 9 हजार नगद, 1 सोने की सिकड़ी, 3 सोने अंगूठी, 1 सोने का मांगटिका, 1 सोने का नथिया , 1 सोने का लॉकेट, 1 चांदी की पैजनी, 1 जोड़ी पायल और 1 करधनी की चोरी की है। बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस चौकी पर तहरीर दिया गया है।

इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने ना तो दरवाजे का हैंडरॉप तोड़ा और ना ही कोई ताला तोड़ा, फिर भी चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। इसके पीछे आशंका व्यक्त किया जा रहा है कि छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने मास्टर चाभी से बंद कमरे के ताले को आसानी से खोला होगा और गहने और नगदी पर हांथ साफ कर आराम से फरार हो गए। चोरी की इस वारदात से गांव में चोरों के खौफ का माहौल बना हुआ है। वहीं पीड़ित परिवार इस घटना से गमगीन और स्तब्ध है।

इस संबंध में चौकी प्रभारी विवेक कुमार पाठक ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *