जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के रेलवे फाटक पर चोरों ने एक ज्वेलर्स व इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। क्षेत्र में हो रहे लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत बना हुआ है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है।
स्टेशन बाजार निवासी पीड़ित युवा भाजपा नेता व दुकानदार राहुल वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि स्टेशन बाजार के रेलवे फाटक के पास उनकी अदिति ज्वेलर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। बीती रात अपनी दुकान बंद करके घर चला गया शनिवार की सुबह जब जब दुकान खोला तो अन्दर का नजारा देख दंग रह गया। दुकान की आलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखा सोने का आभूषण नाक की कील,नथुनी, आयरन लॉकेट जिसकी कुल कीमत 4 लाख 70 हजार रुपए तथा चांदी का बर्तन, चांदी का पायल, चैन, मीना, मूर्ति, हाथ का पंजा, करधनी जिसकी कुल कीमत 6 लाख 47 हजार रुपए और कैश काउंटर में रखे 37 हजार रुपए नगदी चोरी हो चुका था। दुकान के पीछे का दरवाजा का लॉक टूटा हुआ था।

इसके साथ ही दुकान का चेकबुक, पासबुक व अन्य समानों की भी चोरी हो चुका था। इस घटना को लेकर तहरीर दी गई है। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार व कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने पीड़ित दुकानदार से मामले की जानकारी ली। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन किया। वहीं मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी अतुल कुमार सोनकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
गौरतलब है कि अज्ञात चोरों ने बीते 7 जून की रात हेतिमपुर निवासी सेवानिवृत्त मत्स्य अधिकारी नंदू दुबे के घर लाखों के गहने व नगदी की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, तो वहीं 22 अक्टूबर की रात स्टेशन बाजार क्षेत्र के बरूईन गांव मठिया मुहल्ले में हृदय नारायण यादव के घर से लाखों के गहने व नगदी तथा 27 अक्टूबर की दोपहर दिनदहाड़े रामपुर सलेमपुर पुलिया के पास दरौली डाकघर के डाकपाल से 70 हजार रूपए की छीनैती की घटना को अंजाम दिया था।
बावजूद इसके स्थानीय पुलिस चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में अभी तक नाकाम साबित है। वहीं क्षेत्र में लगातार हो रहे चोरी व छीनैती की घटनाओं से पुलिस की कार्य प्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं और आमजन में दहशत का माहौल बना हुआ है।










