जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र सैदाबाद गांव में मारपीट के मामले में पीड़ित को स्थानीय कोतवाली में न्याय न मिलने पर उसे पुलिस अधीक्षक के दरबार में पहुंचना पड़ा। मामला दर्ज न होने से आहत पीड़ित अनमोल राय ने जब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई, तब जाकर स्थानीय पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस को दिए गए तहरीर में अनमोल राय ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते 27 मई की सुबह लगभग 10 बजे क्रिकेट मैच के दौरान उन्हीं के गांव के अनुज राय पुत्र उमेशचन्द्र राय और आर्यन राय पुत्र राजेश राय ने क्रिकेट खेलने की बात पर कहासुनी के बाद मारपीट बुरी तरह घायल कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, मना करने पर दोनों आरोपी आग बबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए स्टाम्प उखाड़कर लात-घूंसे से बुरी तरह पीटने लगे। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे दुर्गेश पुत्र स्व. राधेमुनि राय, बीरबल राय पुत्र स्व. बाल्मीकि राय व अन्य क्रिकेट खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गांव में कोई उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता। जाते समय आरोपियों ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद अनमोल राय घायल अवस्था में 27 मई को ही थाने पहुंचा और लिखित तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने न तो इलाज करवाया, न रिपोर्ट दर्ज की जहां पीड़ित थक-हार कर वह पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचा। जहां कप्तान के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने अनुज राय और आर्यन राय के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










