मां की डांट से नाराज होकर घर से निकला किशोर 3 दिन बाद लौटा घर

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के चितावनपट्टी गांव में घर से कोचिंग जाने के लिए निकला 16 वर्षीय किशोर लापता होने के 3 दिन बाद वापस अपने घर लौट आया, जिससे परिजनों में खुशी व्याप्त है।

चितावनपट्टी गांव निवासी रामाधार गुप्ता ने बीते 6 मई को कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना देते हुए बताया था कि उनका 16 वर्षीय पुत्री मनीष गुप्ता 5 मई की शाम 4 बजे कोचिंग जाने के लिए घर से निकला, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। जिसकी काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। थक हार कर कोतवाली में पुत्र की गुमशुदगी की सूचना दी गई। इसपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इसी बीच लापता किशोर मनीष ने किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन से अपने पिता को बताया कि वह नेपाल बार्डर के पास अभी किसी रेलवे स्टेशन पर मौजूद है, और उसे वापस घर ले जाने को कहा। पिता रामाधार गुप्ता ने इसकी जानकारी कोतवाली में दी। इसके बाद कोतवाली के पुलिसकर्मी के साथ रामाधार गुप्ता गाजीपुर पहुंचे जहां चाइल्ड लाइन के माध्यम मनीष को कोतवाली लाया गया। जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद मनीष को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक मनीष अपनी मां की डांट से नाराज होकर कोचिंग के बहाने घर से निकला और सोनवल स्टेशन पहुंच कर वहां से कोई ट्रेन पकड़कर निकल गया तथा गाजीपुर होते हुए नेपाल बार्डर के पास किसी स्टेशन पर पहुंच गया था। बहरहाल, मनीष के वापस घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *