जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर बार बार जल जाने से इस प्रचंड गर्मी में नगरवासियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक तो मौसम की बेरुखी और उसपर से ट्रांसफार्मर का बार बार जलना, यह नगरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात ट्रांसफार्मर जल जाने से वार्ड नं 6,7,11 व 12 की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। इसके बाद बिजली विभाग ने मंगलवार को नगर में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करने के लिए ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर कर आपूर्ति शुरू कराया। लेकिन उसी रात करीब 12 बजे ट्रॉली ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण भीषण आग लग गया और बिजली आपूर्ति फिर ठप हो गई।
इसके बाद गुरुवार की शाम विभाग ने फिर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल किया। प्रभावित वार्डो में किसी तरह से रात भर बिजली आपूर्ति हुई। लेकिन गुरुवार की तड़के सुबह फिर ट्रांसफार्मर जल गया और फिर बिजली आपूर्ति बंद हो गयी। उमस भरी इस भीषण गर्मी बार बार ट्रांसफार्मर जलने से नगरवासी परेशान हैं।
हालांकि विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चलाने के लिए विभाग द्वारा बार बार ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। विभागीय कर्मियों की माने तो स्वास्थ्य केंद्र में लगे ट्रांसफार्मर पर ज्यादा लोड होने के कारण बार बार जल जा रहा है।
इस संबंध में उप खंड अधिकारी लोकेश कुमार लोक ने बताया कि दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है जल्द ही आपूर्ति बहाल होगी।










