सड़क दुर्घटना में घायल इकलौते पुत्र की इलाज के दौरान हुई मौत

जमानियां (गाजीपुर)। सड़क दुर्घटना में घायल रघुनाथपुर निवासी 12 वीं का छात्र 18 वर्षीय सुकेश यादव पुत्र रामदुलार यादव की वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान रविवार की रात मौत हो गई। जिसका अंतिम संस्कार सोमवार को रघुनाथपुर घाट पर किया गया। बता दें कि सुकेश अपने माता पिता का एकलौता पुत्र था।

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को सुकेश अपनी बड़ी बहन माया यादव को बीए की परीक्षा दिलवाकर मोटरसाइकिल से घर वापस आ रहा था। तभी जगदीशपुर गांव के पास साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर गिर गया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। जिसका इलाज ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था।जहां इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझते हुए सुकेश छह दिन बाद रविवार की रात 9 बजे जिंदगी की जंग हार गया। वहीं उसकी बहन माया का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं सुकेश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता रामदुलार यादव केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में गुजरात में तैनात हैं।

जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने बताया कि सुकेश की मौत से घर का एकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *