ग्राम न्यायालय के जज ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जमानियां (गाजीपुर)। विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार की दोपहर कोतवाली परिसर में स्थानीय ग्राम न्यायालय के जज अमित कुमार ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

स्थानीय कोतवाली परिसर में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर कोतवाली परिसर में ग्राम न्यायालय के जज अमित कुमार, एसडीएम ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

ग्राम न्यायालय के जज अमित कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाएं और उनका संरक्षण करें।

फोटो: पर्यावरण संरक्षण का शपथ दिलाते चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता

उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा की आने वाले दिनों में आस-पास के अन्य शासकीय परिसरों में भी इसी तरह के वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी फैलेगी।

वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने पालिका कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई।

इस मौके पर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह, दिलदारनगर नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, विजय शंकर राय, विजय शंकर शर्मा, सभासद मनीष कुमार, अरशद, उमराव यादव, संजीत यादव, सत्येंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *