दुल्हन लाने गए दूल्हे को मिली मौत,  एक आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार

दिलदारनगर (गाजीपुर)। शादी का जश्न अचानक उस वक्त मातम में बदल गया जब जगदीशपुर गांव में गुरुवार की रात शादी समारोह में जयमाल कार्यक्रम के दौरान फोटो खींचने और डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में घरातियों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हा राकेश राम निवासी त्रिलोकपुर थाना रेवतीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम उसकी वाराणसी में मौत हो गई। इस हमले के बाद शादी टूट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

फोटो : मृतक राकेश राम (दूल्हे की फाइल फोटो)

पिता ब्रिगेडियर राम की तहरीर पर पुलिस ने ताजपुर मांझा निवासी विनोद राम, जगदीशपुर निवासी प्रदीप उर्फ कल्लू, मोनू राम, पप्पू, बाघा राम उर्फ मिथलेश, विशाल राम, सकलू और विपिन के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार की रात पुलिस ने आरोपी विशाल राम को देसी तमंचा के साथ फूली नहर पुलिया से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, त्रिलोकपुर निवासी ब्रिगेडियर राम के पुत्र राकेश राम की बारात जगदीशपुर निवासी राजेंद्र राम के यहां गई थी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर फोटो खींचने को लेकर घरातियों और बारातियों के युवकों में कहासुनी हो गई। लोगों ने मौके पर बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही दूल्हे के भाई नितेश के सिर पर बोतल से वार कर दिया गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ ही देर में दर्जनों की संख्या में घराती लाठी-डंडों से लैस होकर टेंट में घुस गए और वहां बैठे बारातियों और दूल्हे के परिवार वालों पर हमला कर दिया। दूल्हे के पिता ब्रिगेडियर राम को पीटते देख राकेश स्टेज से उतरकर पिता को बचाने आया, लेकिन हमलावरों ने उसे भी बेरहमी से पीट डाला।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने घायल दूल्हा और अन्य लोगों को भदौरा सीएचसी भिजवाया। दूल्हे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

फोटो : तमंचे के साथ गिरफ्तार आरोपी विशाल राम

दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शनिवार सुबह उसके परिजन थाना पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सीओ रामकृष्ण तिवारी ने परिजनों को शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में धारा बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *