जिलाधिकारी ने गंगा कटान रोधक कार्य का किया निरीक्षण

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के कपूरा घाट व एनएच 24 सड़क किनारे जलालपुर मौजा में हो रहे गंगा कटान रोधक कार्य का जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने एसडीएम ज्योति चौरसिया व तहसीलदार रामनारायण वर्मा के साथ मंगलवार की दोपहर स्थलीय निरीक्षण किया।

अपने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्व प्रथम स्थानीय कस्बा बाजार के कपूरा घाट पर सिंचाई निर्माण विभाग द्वारा गंगा नदी के किनारे हो रहे कटान को रोकने के लिए किए जा रहे कटान रोधक कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एनएच 24 सड़क किनारे जलालपुर मौजा में कराए जा रहे कटान रोधक कार्य का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से हो रहे कार्य की पूरी जानकारी ली। मातहतों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाएं और बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही निर्माण कार्य को पूरा कर लें। जिससे कि संभावित बाढ़ के कारण गंगा नदी के किनारे भूमि कटान होने से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *