सीता स्वयंवर देख भावविभोर हुए श्रद्धालु, लगाए जय श्री राम के जयकारे

जमानियां (गाजीपुर)। कस्बा बाजार स्थित बलुआ घाट पर शुक्रवार की रात रामलीला मंचन में सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ का दृश्य प्रस्तुत किया गया। प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग कर माता सीता के गले में वरमाला डालने के साथ ही पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। मंचन के दौरान देवताओं द्वारा पुष्प वर्षा और मंगल गीतों का दृश्य देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम में रावण-वाणासुर संवाद तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। उपस्थित जनसमूह ने कलाकारों की प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता बालकृष्ण त्रिवेदी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान राम के पदचिन्हों पर चलकर धर्म की रक्षा करें और समाज में सद्भाव का संदेश फैलाएं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, कोतवाल प्रमोद सिंह, सभासद रोहित शर्मा, मीडिया प्रभारी संजीत यादव समेत नगर के अनेक गणमान्य नगरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *