जमानियां (गाजीपुर)। वर्ष 1971 में भारत पाक युद्ध में बलिदानी हुए शहीद माना सिंह यादव की पुण्यतिथि धूम धाम से सूर्यभानपुर गांव में मनाई गई।बलिदानी के प्रतिमा पर ध्वजारोहण व राष्ट्र गान के बाद स्वजन सहित सेवानिवृत सैनिकों व ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि सपा नेता मन्नू सिंह ने कहा कि बलिदानी माना सिंह यादव की शौर्य गाथा हमेशा जीवित रहेगी। आने वाली पीढ़ी इनको याद करेगी। बलिदानी कभी मरता नहीं वह हमेशा जीवित रहता है। पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह जब देश के रक्षा मंत्री बने तो उन्होंने देश के बलिदानियों का शव राष्ट्रीय सम्मान् के साथ उनके गॉव भेजवाने का काम किया था। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि बलिदानी नायक माना सिंह 5 दिसंबर 1971 को भारत -पाक युद्ध में पाकिस्तान के विरुद्ध जम्मू कश्मीर के छम्ब सेक्टर में अपनी मातृ भूमि की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति दिए थे, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
इस अवसर पर विजय यादव, शौर्य सिंह, कैप्टन सुब्बा यादव, रमाशंकर फौजी, विभा पाल, प्रधान पप्पू यादव, रिशु यादव, मिथिलेश, प्रधान शशिकांत आदि मौजूद रहे।










