सड़क किनारे पानी में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रक्साहां गांव स्थित दादा के बारी व काली मंदिर के बीच बुधवार की देर शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव भदौरा–दिलदारनगर मुख्य मार्ग के किनारे पानी में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर शिनाख्त की कोशिश में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि करीब 30 वर्षीय युवक का शरीर आधा पानी में डूबा हुआ था, जबकि ऊपर का हिस्सा बाहर था। गांव के कुछ बच्चों ने शव को देखा और शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पाकर उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव की तलाशी लेने पर युवक के लोअर की जेब से मात्र 170 रुपये बरामद हुए। कोई पहचान संबंधी कागजात नहीं मिलने से उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

पुलिस द्वारा आस-पास के थानों में सूचना भेजकर तथा सोशल मीडिया के माध्यम शिनाख्त की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *