कुंए में मिला वाराणसी के मजदूर का शव, जांच में जुटी पुलिस

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव के पास सड़क से सटे एक पुराने कुंआ में शनिवार की सुबह 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर जांच पड़ताल में जुट गई। कुछ घंटे बाद अज्ञात शव की पहचान वाराणसी के चौका घाट निवासी राजेश विश्वकर्मा के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि मृतक राजेश विश्वकर्मा कसेरा पोखरा गांव के पास सदानंद शर्मा के ट्रक मेंटेन्स की दुकान पर मजदूरी करता था। दुकानदार सदानंद ने बताया कि बीते 24 दिसंबर को मृतक राजेश वाराणसी घर जाने के लिए निकला था। लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसी दिन से उसकी खोजबीन की जा रही थी। शनिवार की सुबह एक लड़का बकरी चरा रहा था इसी दौरान वह कुंआ कि ओर चल गया और कुएं के अंदर शव देख चीखने चिल्लाने लगा जिससे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुएं में शव औंधे मुंह गिरा हुआ था। जिसे देख ग्रामीणों ने हत्या कर शव को कुएं में फेकने की आशंका जाहिर की।

इस संबंध में कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि शव की पहचान होने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देकर घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *