जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज गांव स्थित ईंट भट्ठा से बीते 22 अप्रैल की शाम गायब हुए छह बच्चों की खोजबीन में पुलिस जुट गई है। रविवार को बजे पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने पुलिस टीम के साथ ईंट भट्टा पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। भट्टा के आसपास सहित बने झोपड़ी में पुलिस टीम ने पूरी तलाशी ली।
उमरगंज स्थित ईंट भट्ठा से जांच पड़ताल कर एसपी टीम के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी के डीवीआर से फुटेज को देखा और मातहतों को हर एंगल पर कार्य करने का निर्देश दिया ताकि बच्चों का पता चल सके। उधर बच्चों के परिजन भी हैरान है कि बच्चों के गायब हुए 5 दिन हो गए हैं, कहीं उनके साथ कोई अनहोनी ना हो।
हालांकि पुलिस भट्टा पर कार्य करने वाले कुछ कर्मचारी और अन्य मजदूरों को लाकर पूछताछ की लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने टीमें गठित कर गायब हुए बच्चों की बरामदगी के निर्देश दिया है। वहीं गायब हुए बच्चों को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।










