जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बड़ेसर गांव के पास बुद्धवार की शाम करीब 5:30 बजे एनएच 24 सड़क पर उस वक्त एक बड़ा हादसा हो गया जब, गन्ने का जूस बनाने वाली मशीन के चक्के में एक महिला का दुपट्टा फंस जाने के कारण दुपट्टे से उसका गला दब गया। जिसे पीएचसी पहुँचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि स्टेशन बाजार के कांशीराम आवास में रहने वाला अनिल कुमार गुप्ता पुत्र मानिक चंद गुप्ता अपनी गन्ने का जूस बनाने वाली मशीन को लेकर बड़ेसर गांव की तरफ से बड़ेसर नहर की तरफ आ रहा था। इस दौरान वह नशे में धुत था। जिसकी जानकारी होने पर कांशीराम आवास में रहने वाली बगलगीर छोटी देवी (20 वर्ष) पत्नी धन जी बड़ेसर गांव पहुँची और गन्ने का जूस बनाने वाली मशीन को चलाते हुए वापस आवास की तरफ लौटने लगी।
इसी दौरान उसके गले में लिपटे हुए दुपट्टे का एक हिस्सा उड़कर कर अचानक मशीन के चक्के में फंस गया। अभी वह कुछ समझ पाती तब तक दुपट्टे से उसका गला दब गया। यह देख राहगीरों ने आनन फानन में उसके गले में कसा हुआ दुपट्टा काट कर अलग किया। दुपट्टे से गला कस जाने के कारण उसके मुंह से झाग आने लगा और वह छटपटाने लगी।

मौके पर पहुँचे पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही पीएचसी पर पहुँची मृतका की मां मालती देवी दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगी। इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि मृतका छोटी देवी का ससुराल बिहार आरा के धरहरा गांव में है, जिसका एक 10 माह का पुत्र धर्मवीर है। वह अपने पुत्र के साथ ही अपने मायके वालों के साथ कांशीराम आवास में रहती थी।










