जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में पढ़ने वाली छात्राएं जल जमाव से हो कर आ जा रही है।शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस ओर तनिक भी ध्यान नहीं दे रहे है। जिससे छात्राओं को आने जाने में परेशानी हो रही है।
राजकीय बालिका इंटर कालेज परिसर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से परिसर में जलजमाव हो गया है। जल जमाव से संक्रमण का भय भी बना हुआ है। विद्यालय की शिक्षिका सहित छात्राएं गंदे पानी से होकर आने जाने को विवश हैं। विद्यालय के मुख्य गेट पर ही जलजमाव होने से और परेशानी बढ़ गई है। इससे विद्यालय में छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल ने बताया कि पानी निकासी की समस्या से विद्यालय प्रशासन कई वर्षों से जूझ रहा है। हर साल बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसको लेकर कई बार जिम्मेदार अफसरों को मौखिक रूप से अवगत करवाया है, लेकिन किसी ने इस समस्या के लिए सकारात्मक कदम नहीं उठाया। थक हार कर जल निकासी के लिए मोटर पंप लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। जलभराव से विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है।










