गाजीपुर। जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ‘आज’ हिन्दी दैनिक समाचार पत्र के जिला ब्यूरो चीफ सत्येंद्र नाथ शुक्ला का सोमवार की शाम वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। 67 वर्षीय शुक्ला लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय शुक्ला का शव सोमवार की रात करीब 10 बजे उनके चंदननगर स्थित आवास पर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पत्रकार साथी और शुभचिंतक पूरे सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे उनका पार्थिव शरीर मिश्र बाजार स्थित ‘आज’ कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके पश्चात वहीं से शव यात्रा निकलेगी और गाजीपुर के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन पर पत्रकार संघों, राजनीतिक नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
India 91 News की ओर से हम दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।










