जमानियां (गाजीपुर)। चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा गांव निवासी विनोद बिंद हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी शिवशंकर बिंद को पुलिस ने रविवार को तलाशपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह मृतक का चचेरा भाई है और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी प्रमोद सिंह के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर शिवशंकर को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक बाइक भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
इससे पहले, मामले में नामजद मुख्य आरोपी जलालपुर निवासी विवेक सिंह को पुलिस ने 30 मई को ही एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार की सुबह ढेवढ़ी नहर पुलिया के पास खेत में विनोद बिंद का खून से लथपथ शव मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई थी।










