जमानियां (गाजीपुर)। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बीआरसी परिसर हेतिमपुर से शनिवार की सुबह सैकड़ों स्कूली बच्चों के साथ नगर भ्रमण कर मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। एसडीएम अभिषेक कुमार ने तहसीलदार रामनारायण वर्मा के साथ हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।
जागरूकता रैली की शुरुआत हेतिमपुर स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र से किया गया। जो कोतवाली गेट, तहसील मार्ग, ब्लाक तिराहा मार्ग से होते हुए पांडेय मोड़ तक गया और पुनः रामलीला मैदान में आकर समाप्त हुआ। इसके बाद एसडीएम ने रामलीला मैदान में रैली में शामिल लोगों की मतदाता शपथ दिलाई। जागरूकता रैली में शामिल राजकीय बालिका इंटर कालेज, महिला महाविद्यालय, सीपीएस, ग्लोबल पब्लिक, सन शाइन, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय हेतिमपुर के बच्चों ने हांथों स्लोगन लिखे तख्तियां लेकर मतदान करने के प्रति लोगों को जागरूक किया।
उक्त मौके पर तहसीलदार रामनारायण वर्मा, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, एबीएसए सुरेंद्र पटेल, कोतवाल अशेष नाथ सिंह, निर्वाचन रजिस्ट्रार राहुल कुमार, अरुण कुमार सिंह सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।










