जमानियां (गाजीपुर)। बड़ेसर दैत्रवीर मंदिर से करीब 2 सौ मीटर उत्तर तरफ गंगा किनारे की जमीन धंसने की सूचना पर एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने शनिवार को राजस्व टीम के साथ पहुंच कर धंसी हुई जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के एई को दिशा निर्देश दिया।
एनएच 24 सड़क के गंगा किनारे जगह – जगह जमीन धंस रहा है। जिसे लेकर किसानों ने बीते दिनों सिंचाई विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। जय प्रकाश शर्मा, सोहन मिश्रा, राजेश शर्मा, पवन शर्मा, विजय यादव आदि लोगों ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए सीढ़ी बनाई गई है जो बीच से दो हिस्सों में अलग हो गई है। बीते माह गंगा में पानी बढ़ने के बाद घटाव शुरू हुआ। इसके साथ ही जमीन भी धंसना शुरू हो गया और सुराख बनने लगा।
गंगा किनारे कटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से बोल्डर स्टेपिंग का कार्य कराया गया था लेकिन वह भी धंस गया। जमीन धंसने से लोगों में भय व्याप्त है। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंचे। एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने बताया कि गंगा किनारे जाकर स्थिती का जायजा लिया गया है। इसके साथ ही सिंचाई विभाग के एई को भी मौका देखने का निर्देश दिया गया है।










