दिलदारनगर (गाजीपुर)। बिहार में शराब की तस्करी को लेकर शराब तस्कर पुलिस से बचने के लिए अब नया जुगाड़ खोज निकाला है। तस्कर, शराब को अपने शरीर में टेप से चिपका कर बिहार ले जा रहे हैं।
दिलदारनगर आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा ने बताया कि आपरेशन सतर्क व आगामी बिहार राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आरपीएफ व जीआरपी एवं अपराध सूचना शाखा दानापुर टीम द्वारा संयुक्त रूप से गुरुवार को अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के विरुद्ध चलाये जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रेन नं 15657 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल व 12791 सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस के स्थानीय स्टेशन पर ठहराव के समय दोनों ट्रेनों के साधारण कोच से कुल 5 शराब तस्करों को पकड़ा गया।
इनके पास से 20.200 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसका मूल्य 16 हजार 700 रुपए है, बरामद किया गया है। पूछताछ में सभी पकड़े गए व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि बिहार राज्य में शराब पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है जिस कारण यह सभी उत्तर प्रदेश राज्य से शराब को खरीद कर ट्रेनों के माध्यम से शराब को टेप द्वारा शरीर में चिपका कर चोरी छुपे बिहार राज्य ले जाकर दुगने दामों में बेचकर मुनाफा कमाते है।
पकड़े गए शराब तस्करों ने अपना नाम प्रह्लाद कुमार निवासी सैदाबाद, थाना राघोपुर जिला वैशाली (बिहार), उदय राय निवासी राजापुल थाना कृष्णापूरी जिला पटना (बिहार), सोनू कुमार झा निवासी अम्बा थाना तेघरा जिला बेगुसराय (बिहार), राम बाबु पासवान निवासी मोंदीचक थाना काको जिला जहानाबाद (बिहार) तथा सुभाष कुमार निवासी बासडीह थाना थरथरी जिला नालंदा (बिहार) बताया। जिनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।










