जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गड़ही गांव के सामने एक सेवानिवृत्त शिक्षिका द्वारा ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन फानन में शव को उठाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे गड़ही गांव के सामने डाउन रेल लाइन पर एक वृद्ध महिला का क्षत विक्षत शव देखा गया। जिसके कुछ देर बाद ही मृतका की पहचान गांव की सेवानिवृत्त शिक्षिका कमला यादव (65 वर्ष) पत्नी स्व. गजानंद यादव के रूप में हुई।
शव की पहचान होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने रेल लाइन पर बिखरे शव को उठाकर घर ले गए, इसके बाद देर शाम बड़ेसर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना के पीछे पारिवारिक कलह का मामला सामने आ रहा है। जिसके कारण खौफनाक कदम उठाते हुए शिक्षिका ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया इस मामले में अभी कोई सूचना नहीं मिली है।










