एस एस देव पब्लिक स्कूल में रंगोली व दीया मेकिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

जमानियां (गाजीपुर)। दीपावली पर्व को लेकर एस एस देव पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रंगोली एवं दीया मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, परंपरा और संस्कृति के प्रति प्रेम को प्रोत्साहित करना था।

विद्यालय परिसर, बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियां और सजे हुए रंग-बिरंगे दीयों से जगमगा उठा। हर रंगोली एक संदेश दे रही थी, किसी में “माँ लक्ष्मी” का सजीव चित्रण था, तो कहीं “शुभ दीपावली” और “स्वच्छ भारत” जैसे संदेशों ने सभी का ध्यान खींचा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चन्द्र कुशवाहा और प्राचार्या सुनीता कुशवाहा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ बच्चों में न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रबल करती हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा के प्रति आदर भी विकसित करती हैं। अंत में प्राचार्या ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दीपों की यह पावन ज्योति हर हृदय में ज्ञान, प्रेम और सद्भावना का प्रकाश फैलाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *