जमानियां (गाजीपुर)। एस.एस. देव पब्लिक स्कूल हेतिमपुर के छात्र प्रिंस कुमार भारती ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम का परिचय देते हुए सीबीएसई क्लस्टर ईस्ट ज़ोनल-5 ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है। प्रिंस की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और समस्त जनपद में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता 20 जुलाई से 23 जुलाई 2025 तक जौनपुर के नानक पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई थी, जिसमें ईस्ट ज़ोन के विभिन्न राज्यों से आए 1400 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रिंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में विनीता पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस जीत के साथ ही प्रिंस का चयन अब सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हो गया है। प्रिंस, सुनील कुमार भारती एवं ममता भारती के सुपुत्र हैं। उनकी इस सफलता में उनके कोच शानू का अहम योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से यह सफलता संभव हो सकी।
विद्यालय में प्रिंस की इस उपलब्धि पर गौरव का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा ने प्रिंस और उनके कोच को सम्मानित करते हुए कहा, “यह हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। प्रिंस ने कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता अर्जित की है। हमें विश्वास है कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय सहित जनपद का नाम रोशन करेंगे।”
प्रिंस के विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा, सह संयोजक शगुफ्ता रहमान, शैक्षणिक प्रमुख डॉ. देवेंद्र वर्मा, शिक्षकगण सिद्धार्थ शंकर यादव, रूपा गुप्ता, पवन कुमार तिवारी, छोटेलाल, धर्मेंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने प्रिंस को शुभकामनाएं दीं।










