जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के दरौली-रामपुर पुलिया के पास सोमवार की दोपहर दिनदहाड़े चार अज्ञात बदमाशों ने डाकघर के डाकपाल से 70 हजार रुपये समेत सरकारी कागजात से भरे बैग छीनैती की वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
डाकपाल रोहित कुमार निवासी कुसेता हिलसा, नालंदा, बिहार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह शाखा डाकघर दरौली में शाखा डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार की दोपहर लगभग 2:15 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से उप डाकघर जमानियां के लिए निकले थे। अभी वह रामपुर सलेमपुर पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि वहां पहले से खड़े चार लोगों ने अचानक पीछे से उनका बैग झपट लिया।
बैग छीने जाने के दौरान वह मोटरसाइकिल सहित सड़क किनारे गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। इसी बीच चारों बदमाश वहां से गांव की ओर पैदल ही भाग निकले। तहरीर में उन्होंने बताया कि बैग में 70 हजार रुपये नगद, एसबी और पीएलआई पासबुक, विभिन्न सरकारी लेजर बुक, मंत्रा डिवाइस, डाकघर की चाबी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित डाकपाल ने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।










