पुलिस ने निभाई इंसानियत, कुम्भ मेले में बिछड़े बुजुर्ग को परिजनों से मिलवाया

सैदपुर (गाजीपुर)। सैदपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक बड़ा सराहनीय कार्य किया है। पुलिस ने कुम्भ मेले में बिछड़े बुजुर्ग को उनके परिजनों से मिलवाया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2025 को सैदपुर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध व्यक्ति मानसिक रूप से व्यथित अवस्था में भटकते हुए मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विद्याराम शर्मा पुत्र सिद्दार शर्मा, निवासी बेलखारी, थाना गोहद, जिला भिंड, मध्य प्रदेश बताया। सैदपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके स्थानीय थाने से संपर्क कर उनके परिजनों को सूचना दी।

जानकारी मिलने पर विद्याराम शर्मा के दामाद सौरभ शर्मा (निवासी आनंद नगर, थाना बोधापुर, जिला ग्वालियर) अपनी पत्नी यशोदा शर्मा के साथ 17 मार्च 2025 को सैदपुर पहुंचे। जैसे ही विद्याराम शर्मा ने अपनी पत्नी और दामाद को देखा, भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दोनों पक्षों की आंखें खुशी के आंसुओं से भर आईं।

फोटो: सैदपुर कोतवाल के गले लग कर नम आंखों से भावुक हुए विद्याराम शर्मा

विद्याराम शर्मा ने बताया कि वे 14 फरवरी को बस द्वारा एक समूह के साथ संगम स्नान हेतु प्रयागराज गए थे। स्नान के बाद वे अपनी पत्नी से बिछड़ गए और भटकते-भटकते सैदपुर पहुंच गए। उन्होंने कहा, “मैं घर पहुंचने की उम्मीद छोड़ चुका था, लेकिन सैदपुर पुलिस के प्रयासों से आज अपने परिवार से मिल सका। इसके लिए मैं पुलिस का जीवनभर आभारी रहूंगा।”

उनकी पत्नी यशोदा शर्मा ने बताया, “संगम स्नान के बाद मेरा पति मुझसे बिछड़ गए थे। हमने उन्हें खोजने के लिए चित्रकूट, इटावा और अन्य जिलों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। होली भी इस बार मनहूस बीती। लेकिन जब कल सैदपुर पुलिस से सूचना मिली और वीडियो कॉल पर बात कराई गई, तो ऐसा लगा जैसे जीवन को नया रूप मिल गया है। मैं गाजीपुर पुलिस की हमेशा आभारी रहूंगी।”

सैदपुर पुलिस का यह मानवीय कदम न सिर्फ समाज में भरोसा बढ़ाने वाला है, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का भी परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *