जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के तलाशपुर मोड़ के पास शनिवार की सुबह एनएच 24 पर दो बाईकों की हुई जोरदार टक्कर में एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पीएचसी पहुंचाया गया, हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के हरबल्लमपुर गांव निवासी शैलेश यादव उर्फ शैलू (25) पुत्र हरिनाथ यादव शनिवार को मुगलसराय से बाइक चलाकर घर के लिए लौट रहा था, तभी तलाशपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे एक बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दिया। इस सड़क दुर्घटना में दोनों बाइक चालक सड़क पर गिर गए। मामूली रूप से घायल अज्ञात बाइक चालक उठकर मौके से भाग निकला, वहीं शैलेश खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा।

इसी बीच बाइक से जमानियां तहसील जा रहे विशाल सिंह राठौर पुत्र अशोक सिंह राठौर निवासी तरोईया कैमूर भभुआ बिहार की नजर बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़े शैलेश पर पड़ी। तत्परता दिखाते हुए उसने तुरंत 112 नं पर फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने अपने वाहन से घायल शैलेश को पीएचसी इलाज के लिए पहुंचाया। अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना पर पीएचसी पहुंचे परिजन शैलेश को निजी वाहन से लेकर ट्रामा सेंटर चले गए।










