गहमर (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की देर रात जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना गहमर एवं थाना जमानियां पुलिस टीम संयुक्त रूप से भदौरा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय शेरपुर के पास कुछ अपराधी अवैध असलहे के साथ जुटे हुए हैं।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने खुद को घिरा समझ पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि पाँच अन्य को दबोच लिया गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार होने में सफल रहा।
घायल बदमाश की पहचान अमन कुमार राम पुत्र मखंचू निवासी बिश्रामपुर थाना करंडा, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल कुमार पुत्र अर्जुन राम (निवासी सुजानीपुर, थाना शादियाबाद), उज्जवल तिवारी पुत्र विजय शंकर तिवारी (निवासी दशवंतपुर, थाना नगसर हाट), सुजीत यादव पुत्र सियाराम यादव (निवासी खुदरापथारा, थाना गहमर), गोलू उर्फ गौरव पुत्र रामचन्दर राम (निवासी बरहपुर, थाना नंदगंज) तथा टिंकू कुमार पुत्र राजकुमार (निवासी कंचनपुर फुल्ली, थाना दिलदारनगर) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 2 देसी तमंचा .315 बोर, 1 खोखा कारतूस, 2 जिन्दा कारतूस, 2 मोटरसाइकिल, 2 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस उपाधिक्षक रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है तथा पूरे प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










