जमानियां (गाजीपुर)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। स्थानीय क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में बुधवार को श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। शिव मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही भक्तों का तांता लग गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा।
शिव मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और चंदन, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप, भांग, धतूरा आदि अर्पित कर महादेव की आराधना की। शिवलिंग पर दूध, गंगाजल और बेलपत्र चढ़ाकर भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
महेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब
महेवा गांव स्थित प्रसिद्ध महेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर महेश्वर महादेव का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन करते नजर आए। मंदिर परिसर और उसके आसपास “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा माहौल शिवमय हो उठा।

महाशिवरात्रि के अवसर पर भारी भीड़ को देखते हुए महेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान शिव की पूजा की और रात्रि जागरण किया। विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस पावन अवसर पर शिवभक्तों की आस्था और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।