मां की डांट से आहत होकर नाबालिग पुत्री लापता, गुमशुदगी का मामला दर्ज

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मां की डांट से आहत होकर 17 वर्षीय किशोरी घर छोड़कर कहीं चली गई। परिजनों की ओर से काफी तलाश किए जाने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो युवती के पिता ने पुलिस को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शमीम ने बताया कि 17 जून को उसकी बेटी को पढ़ाई-लिखाई को लेकर मां ने कुछ डांट दिया था। यह बात उसे इतनी नागवार लगी कि वह रात का खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। लेकिन अगली सुबह जब घरवाले जागे तो वह अपने कमरे में नहीं मिली। परिजनों ने रिश्तेदारों व आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चला।

थक-हार कर शमीम ने कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *