जमानियां (गाजीपुर)। कस्बा के चांदपुर बस्ती निवासिनी विवाहिता भारती कुमारी ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर अपने पति पर मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति आकाश पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी आकाश पांडेय से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा। पांच जून को भी दहेज को लेकर विवाद के दौरान पति ने उसे गाली-गलौज करते हुए बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब सास जयमाला पांडेय बीच-बचाव करने आईं तो आकाश ने अपनी मां के साथ भी मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने धमकी दी कि अगर इस घटना की कहीं शिकायत की तो जान से मारकर फेंक दूंगा। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।










