जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र बघरी गांव में शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे एक विवाहिता ने पति की थप्पड़ से नाराज होकर फांसी के फंदे पर झूल कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई।
मृतका के ससुर जयप्रकाश राम निवासी बघरी के मुताबिक उनकी बहू प्रतिमा (21 वर्ष) पत्नी आलोक कुमार राम शुक्रवार की सुबह खाना बनाने के बाद अपने कमरे में चली गई। इसके बाद प्रतिमा के पति आलोक ने घर के अन्य लोगों को खाना खिलाने को कहा। इस पर प्रतिमा ने खाना देने से मना कर दिया। जिसपर पति आलोक ने उसे थप्पड़ मार दिया। जिससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई। वहीं पति व सास बिंदा देवी घर के बाहर चले गए।
कुछ देर बाद जब आलोक वापस घर आया तो उसके कमरे का दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो नहीं खुला और ना ही अंदर से प्रतिमा की आवाज आई। तब आलोक ने खिड़की से अंदर देखा तो प्रतिमा कमरे में छत के हुक से साड़ी का फंदा बनाकर लटकी हुई थी। यह देख आलोक के होश उड़ गए। आनन फानन में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और फंदे पर लटकी प्रतिमा को नीचे उतार कर उसे पीएचसी पर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने प्रतिमा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन प्रतिमा के शव को लेकर वापस घर चले गए।

वहीं रिश्तेदारों की सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिसपर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी व कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए।
वहीं दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव निवासी मृतका की मां संजू देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी पुत्री प्रतिमा को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के रूप में रूपये की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित करते रहते थे। जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेजा गया है, मामले की छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










