आम तोड़ने को लेकर हुई मारपीट में कई घायल, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के चक्काबांध गांव में सोमवार सुबह आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच-पड़ताल में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित काशीनाथ तिवारी पुत्र स्व. कामता तिवारी निवासी चक्काबांध ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे वे अपने बगीचे में थे। इसी दौरान गांव के पंकज बिंद व सोनू बिंद, पुत्रगण भोला बिंद, आम के पेड़ पर चढ़कर जबरन आम तोड़ रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए।

काशीनाथ तिवारी का आरोप है कि इसके बाद भोला बिंद पुत्र स्व. सिरी बिंद और उसके बेटे धर्मेंद्र बिंद, पंकज बिंद तथा सोनू बिंद ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब उन्हें बचाने के लिए उनके बेटे विनय कुमार तिवारी, आभा तिवारी, नीतीश कुमार तिवारी व भतीजा अनुराग तिवारी पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद ही पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *