महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसना युवक को पड़ा भारी, दर्ज हुआ मुकदमा

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के गंगा पुल पर खड़े होकर महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसना गुरुवार को एक युवक पर भारी पड़ गया। महिला आरक्षी के तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक महिला आरक्षी साक्षी सिंह व आरक्षी शाहिद खां गुरुवार को एण्टी रोमियों ड्यूटी में भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच उन्हें लोगों से सूचना मिली कि जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल पर एक व्यक्ति खड़ा होकर आने जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे कर रहा है व अश्लील गाना गा कर फब्तियां कस रहा है।

लोगों की इस सूचना पर वास्तविकता जानने के लिए महिला आरक्षी साक्षी सिंह, आरक्षी शाहिद के साथ मौके पर पहुंची तो देखा कि कुछ दूरी पर एक युवक गंगा पुल पर खड़ा होकर आने जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गा रहा था। लेकिन जैसे ही उसकी नजर महिला आरक्षी पर पड़ी, वैसे ही वह युवक वहां से तुरन्त हट बढ़ गया।

आस पास मौजूद लोगों से जब पूछा गया तो लोगों ने उसका नाम दिलशाद हुसैन पुत्र समशाद हुसैन निवासी चौधरी मुहल्ला थाना जमानियां बताया। लोगों ने बताया कि यह युवक आए दिन अक्सर यहां आकर रास्ते में आने जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील फब्तियां कसता रहता है।

इस आधार पर एंटी रोमियो टीम की महिला आरक्षी साक्षी सिंह व आरक्षी शाहिद खां ने कोतवाली में आरोपी युवक दिलशाद हुसैन के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि एंटी रोमियो टीम की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *