छह माह से न्याय की तलाश, पीड़िता ने एसडीएम से लगाई गुहार

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के खिजिरपुर अलीनगर निवासिनी विधवा अंजुम आरा ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उसके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है, और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

अंजुम आरा ने बताया कि वह अकेली अपने घर में रहती हैं और उनका पुत्र जीविकोपार्जन के लिए बाहर रहता है। इस स्थिति का फायदा उठाकर विपक्षियों ने उसके हिस्से को कब्जा लिया है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को विपक्षियों ने जान से मारने की नीयत से घर पर हमला किया था।

पीड़िता ने यह भी बताया कि वह 15 मई को पुलिस अधीक्षक और 9 अप्रैल को तहसील में भी प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। छह माह से न्याय की आस में तहसील और थाने के चक्कर लगा रही हैं, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसे न्याय दिलाया जाए और कब्जा हटवाकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *