डीएपी खाद के लिए किसानों की लगी लंबी कतार, एक बोरी से कैसे पूरी होगी जरूरत ?

जमानियां (गाजीपुर)। खरीफ की खेती के लिए किसानों को डीएपी खाद की सख्त जरूरत है। लेकिन खाद लेने के लिए पहले टोकन की व्यवस्था ने किसानों को कतार में खड़ा करा दिया है। उन्हें एक बोरी खाद लेने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है। गुरुवार को स्टेशन बाजार स्थित क्रय विक्रय समिति पर खाद के लिए सैकड़ो किसानों की लंबी लाइन सुबह से लगी हुई थी। लेकिन सुबह 11 बजे पुलिस की मौजूदगी में टोकन वितरण हुआ और दोपहर 12 बजे के बाद खाद का वितरण शुरू हुआ।जिससे सुबह से पहुंचे किसानों को भारी परेशानी हुई।

धान की फसल में छिड़काव के लिए किसानों को डीएपी खाद की सख्त जरूरत है। इसलिए समितियों पर खाद बटने की सूचना पर किसान सुबह से ही पहुंच जा रहा है। लेकिन केंद्र पर टोकन की व्यवस्था ने किसानों को परेशानी हो रही है। क्रय विक्रय समिति पर क्षेत्र के किसान सुबह पांच बजे ही पहुंच गए। लेकिन 11 बजे कर्मचारियों के पहुँचने पर 11:20 बजे से किसानों को कतार में खड़ा करा कर टोकन का वितरण स्टेशन पुलिस चौकी की मौजूदगी में वितरण हुआ और दोपहर 12 बजे के बाद खाद का वितरण शुरू हुआ।

कतार में खड़े किसानों के बीच धक्का मुक्की भी होती रही। हालांकि वहां मौजूद पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी थी। खाद लेने पहुंचे रामपुर उर्फ सलेमपुर के किसान मनराज भारतवंशी ने बताया कि सुबह पांच बजे से आया हूँ लेकिन दोपहर 11:42 पर टोकन मिला है।मुझे पांच बोरी खाद चाहिए लेकिन एक बोरी ही खाद मिला।इससे किसानों को परेशान होने के शिवाय कुछ नहीं मिल रहा है।

चक्काबांध के किसान महेश गिरी ने बताया कि टोकन व्यवस्था से किसान और परेशान हो गए है। एक बोरी खाद ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है। किसान वीर बहादुर सिंह ने बताया कि स्थानीय तहसील का रकबा अधिक है। लेकिन एक बोरी खाद केवल किसानों को मिल रहा है। किसानों के खाद की पूर्ति नहीं हो रही है। मेरा 10 बीघा खेत है, एक बोरी खाद में खेती कैसे होगी। तहसील अधिकारी भी मौन है। अगर इसमें सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।

वहीं क्रय विक्रय समिति के प्रभारी भिखारी प्रसाद ने बताया कि 760 बोरी डीएपी खाद आया है। शाम 6 बजे तक खाद बंटेगा, सर्वर धीमी गति से चलने से परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *