तटवर्ती गांवों में घुसा कर्मनाशा का बाढ़, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

जमानियां (गाजीपुर)। तीन दिनों से हुई बारिश के कारण कर्मनाशा नदी ने अपना रौद्र रूप धारण किया है। इस कारण तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से पशुओं का चारा व फसल बर्बाद हो गया है।

करमहरी गांव के आगे यूपी व बिहार के कैमूर जनपद को जोड़ने वाले मार्ग पर पानी चढ़ने से लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं। मौजूदा समय में वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। सिहानी, जबुरना मार्ग पर भी पानी चढ़ने से दोनों गांव का संपर्क टूट गया है। केशरूवा गांव के मुख्य मार्ग पर पानी आ जाने से ग्रामीणों के सुविधा के लिए नाव चलाया जा रहा है।

ग्रामीणों की मानें तो बाढ़ के पानी के कारण लगभग 200 एकड़ धान का फसल में पानी भर गया है। वहीं गायघाट गांव भी पानी से चारों तरफ से घिर गया है। बाढ़ का पानी गांवों में घुस जाने से पशुपालकों व किसानों को भारी परेशानी हो रही है। रायपुर, धुस्का व दाउदपुर गांव भी पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।

तीसरी बार कर्मनाशा का पानी बढ़ने से ग्रामीणों की दुश्वारियां भी बढ़ गई है। ग्रामीणों की माने तो बाढ़ के हालात में तहसील प्रशासन द्वारा कोई राहत मुहैया नहीं कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *