जमानियां (गाजीपुर)। सत्यम इंटरनेशनल स्कूल, लोदीपुर में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का संयुक्त रूप से भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंध निदेशक एस.पी. मौर्य ने ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर माला पहनाकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने देशभक्ति पर आधारित नृत्य, गीत और भाषण प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक एस.पी. मौर्य और प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने प्रेरणादायक विचार रखे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और धार्मिक उत्सव की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच मिठाई वितरित की गई।











