जमानियां (गाजीपुर)। जिला प्रशासन के लाख सख्ती के बाद भी पक्का पुल से रात के अंधेरे में बोगा ट्रैक्टर से ओवर लोड बालू का संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बोगा लदा बालू धड़ल्ले से जमानियां से गंगा पुल होते हुए करंडा क्षेत्र में जा रहा है। लेकिन इन बालू लदे बोगा ट्रैक्टर को पुलिस प्रशासन रोक नहीं पा रही है। इसके पीछे का कारण जो भी हो। रात के पहर में अवैध तरीके से हो रहे बालू परिवहन से राजस्व विभाग को भारी क्षति हो रही है।

सूत्रों के मुताबिक जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल पर पूरी प्लानिंग के तहत बालू का अवैध व्यापार बिना किसी रोक टोक के हो रहा है। अमूमन प्रतिदिन रात होते ही बालू माफिया सक्रिय हो जा रहे हैं। रात के अंधेरे में प्लास्टिक के तिरपाल से ढंका हुआ दर्जनों बोगा ट्रैक्टर ओवरलोड अवैध बालू लेकर गंगा पुल होते हुए करंडा क्षेत्र में प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है। इसके लिए जमानियां की तरफ पुल के पास रेकी करने व ओवरलोड बालू ट्रैक्टर को पास कराने के लिए चार पहिया वाहन में बालू माफिया सवार रहते हैं। इतना ही नहीं, सबसे पहले एनएच 24 सड़क पर जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल मोड़ के पास कुछ नकाबपोश लोग खड़े रहते हैं, जो जमानियां स्टेशन की तरफ से आने वाले बालू लदे बोगा ट्रैक्टर चालकों से टोकन लेकर उन्हें पुल पर जाने देते हैं। आखिर इसके पीछे किसका हांथ है ? किसके शह पर बालू का ये अवैध व्यापार हो रहा है ?, यह बताने की जरूरत नहीं। सब कुछ जानने सुनने के बाद भी प्रशासन आखिर मौन क्यों हैं, यह एक बड़ा सवाल है।
यही स्थिति रही तो न सिर्फ राजस्व विभाग को भारी नुकसान होगा बल्कि पुल का अस्तित्व भी खतरे में पड़ जायेगा।










