शौहर ने फोन पर दिया तीन तलाक, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नगर मोहल्ला अंसारी की रहने वाली सादिया परवीन ने अपने पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।

पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 12 नवंबर 2024 को सलीम अंसारी पुत्र वकील अंसारी, निवासी सोनहरिया थाना जमानियां से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के समय मायके वालों ने हैसियत से बढ़कर एक लाख बीस हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान, वाशिंग मशीन, एसी, गीजर, पलंग, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल सहित कई कीमती सामान दिए थे।

शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन तीसरे दिन से ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। सादिया ने आरोप लगाया कि उसका पति सलीम अंसारी, जेठ आलमगीर अंसारी, सास अंजुम आरा, मामा मोहम्मद मोज्जसम, ननद नजमा और ननदोई जाहिद अंसारी समेत परिवार के सभी सदस्य लगातार दहेज की मांग करने लगे। चार लाख पचास हजार रुपये, टीवी, फ्रीज, डाइनिंग टेबल और अन्य सामान की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता ने यह भी बताया कि बार-बार मांग के बाद उसकी मां ने 17,500 रुपये की एलईडी टीवी भेजी, बावजूद इसके पति व अन्य लोग संतुष्ट नहीं हुए। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट, और तलाक की धमकी दी जाती रही। अंततः 25 जनवरी 2025 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

सादिया का आरोप है कि 17 जून 2025 को उसके पति ने व्हाट्सएप पर चार लाख पचास हजार रुपये की मांग फिर दोहराई और न मिलने पर फोन पर तीन बार “तलाक-तलाक-तलाक” कहकर उसे तलाक दे दिया।

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *