जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार वार्ड नंबर 9 के निवासी, पूर्व सभासद एवं समाजसेवी पंकज निगम के पिता अरविंद निगम का मंगलवार की रात करीब 10:15 बजे हृदय गति रुकने के कारण अचानक उनका निधन हो गया, जिससे परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात अरविंद निगम के सीने में अचानक दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोग शोकाकुल हो गए।
दिवंगत अरविंद निगम मिलनसार और सामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से नगर के समाजसेवी वर्ग और स्थानीय नागरिकों में शोक व्याप्त है।
पंकज निगम ने जानकारी दी कि उनके पिता का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ेसर श्मशान घाट पर किया गया। वहीं शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।