जमानियां (गाजीपुर)। बार एसोसिएशन सेवराई के पूर्व अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ गहमर थाना में मुकदमा दर्ज होने को लेकर अधिवक्ता आक्रोशित है। सोमवार को स्थानीय बार एसोसिएशन के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय के लिए तहसील परिसर में धरना पर बैठ गए। दोपहर बाद पहुंची एसडीएम ज्योति चौरसिया के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ।
बार एसोसिएशन की बैठक बार भवन में हुई। जिसमें सर्व सम्मत से निर्णय लिया गया कि आठ व दस अक्टूबर के प्रस्ताव पर विचार विमर्श किया गया कि एसोसिएशन के प्रस्ताव पर शासन प्रशासन ने कुछ संज्ञान नहीं लिया। जिससे अधिवक्ता आक्रोशित है। निर्णय लिया गया कि उक्त प्रस्ताव को लेकर अग्रिम सूचना तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे तथा तहसील परिसर में अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि धरना प्रदर्शन प्रत्येक कार्य दिवस पर जारी रहेगा। अधिवक्ता अजय कुमार राय के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता तो हम अधिवक्ता ध्वनि विस्तारक यंत्र से धरना प्रदर्शन करने व राज्य सरकार का पुतला दहन व सड़क जाम को भी बाध्य होंगे।
पीड़ित अधिवक्ता अजय राय ने कहा कि टुनटुन राजभर बनाम नायाब तहसीलदार दिलदारनगर का एक मुकदमा उच्च न्यायलय में चल रहा है। आरोप लगाया कि प्रशासन पुलिस के दम पर दबाव बना रही है। हमारे क्लाइंट पर फर्जी मुकदमा किया गया। हमारा भी रास्ता रोका जा रहा है। विपक्षियों के तहरीर पर पुलिस फर्जी मुकदमा मेरे खिलाफ लिख दी जो गलत है। फर्जी मुकदमें को खत्म कर मेरे तहरीर पर मुकदमा लिखा जाय नहीं तो अन्याय के खिलाफ लड़ूंगा, अधिवक्ता मेरे साथ एकजुट है।
इस अवसर पर सचिव अमरनाथ राम, उपाध्याय सुनील कुमार, कमलकांत राय, उदय नारायण सिंह, मेराज हसन, फैसल होदा, मुनेश सिंह, अरविंद कुमार , पंकज तिवारी, दिग्विजय नाथ तिवारी, मिथिलेश सिंह, शशि भूषण राय, रवि प्रकाश, सुनील कुमार, बृजेश कुशवाहा, घनश्याम कुशवाहा, संजय यादव, रमेश यादव, आजाद खान, रामरतन जायसवाल सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।










