किसान का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, जमीनी विवाद में हत्या की आशंका

दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरैला गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के सिवान में स्थित एक ट्यूबवेल पर 65 वर्षीय किसान हृदयनारायण यादव का शव संदिग्ध हालत में मिला। शव खाट पर पड़ा था और हत्यारों ने उसे कंबल ओढ़ाकर छोड़ दिया था, ताकि पहली नजर में कुछ संदिग्ध न लगे।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं।

परिजनों के अनुसार, सोमवार की रात हृदयनारायण अपने पट्टीदार के घर भोजन करने के बाद हमेशा की तरह ट्यूबवेल पर सोने गए थे। मंगलवार सुबह जब उनका भतीजा राजेश और नाती छोटू ट्यूबवेल पहुंचे तो उन्होंने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखा तो मच्छरदानी के अंदर हृदयनारायण मृत अवस्था में पाए गए।

शव की स्थिति देखकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतक के माथे पर लाल निशान, बाएं हाथ की कोहनी और जांघ पर चोट के निशान, तथा अंगूठा फटा हुआ पाया गया। नाती छोटू ने तत्काल इस घटना की सूचना अपने पिता श्रवण यादव को दी। इसके बाद शव को घर लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक ने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा अपनी बेटी पुष्पा देवी के नाम वसीयत कर दिया था, जिससे उनका बेटा श्रवण यादव नाराज चल रहा था। हालांकि, मृतक ने 6 बीघा में से 1 बीघा खेत बेटे को भी खेती के लिए दिया था, लेकिन पारिवारिक विवाद बना हुआ था।

पुत्री पुष्पा देवी ने थाने में तहरीर दी है और पुलिस से न्याय की मांग की है। थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा लगता है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *