जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील के अधिवक्ता भवन में समस्त अधिवक्ताओं ने सोमवार की दोपहर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर दिवंगत अधिवक्ता व बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गोरखनाथ सिंह यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। तत्पश्चात दिवंगत गोरखनाथ सिंह के चित्र पर सभी अधिवक्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं एडीएम ज्योति चौरसिया ने दिवंगत अधिवक्ता को नमन करते हुए इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार को संबल व धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत गोरखनाथ सिंह के निधन से हम अधिवक्ता समाज की अपूरणीय क्षति हुई है। दुख की इस घड़ी में सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि 11 से 13 अगस्त 25 तक सभी अधिवक्ता अपने सम्पूर्ण न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।

लउक्त मौके पर नायब तहसीलदार अवनीश कुमार, जितेंद्र कुमार व अधिवक्ता पंकज तिवारी, फैसल होदा, दिग्विजय नाथ तिवारी, आजाद खान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बार संघ के महासचिव अमरनाथ राम ने की।










