नहर में डूबे अधेड़ का तैरता हुआ मिला शव

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जमानियां दिलदारनगर नहर मार्ग पर बहादुरपुर गांव के पास बुद्धवार की सुबह करीब 5:30 बजे नहर के पानी में तैरता हुआ एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे हमीदपुर गांव निवासी 55 वर्षीय नगेसर बिंद गांव स्थित नहर पुलिया से करीब 2 सौ मीटर दूर नहर किनारे टहलता हुआ देखा गया था। इसी बीच दोपहर करीब 1 बजे किसी व्यक्ति ने डायल 112 पुलिस को किसी व्यक्ति के नहर में डूबने की सूचना दी। तत्काल मौके पर पहुँची डायल 112 पुलिस ने डूबे हुए व्यक्ति की खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर वापस चली गयी।

फाइल फोटो: मृतक नगेसर बिंद

उधर नगेसर बिंद के घर नहीं लौटने पर परिजन भी उनकी खोजबीन में जुट गए। लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चला। बुद्धवार की सुबह करीब 5:30 बजे बहादुरपुर गांव के पास नहर में एक व्यक्ति का तैरता हुआ शव देखा गया। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया। जिसके कुछ ही देर में शव की पहचान हमीदपुर गांव निवासी 55 वर्षीय नगेसर बिंद के रूप में हुई।

उधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी प्रभावती देवी सहित अन्य परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक के चार पुत्र और 5 पुत्रियों में एक पुत्र को छोड़कर सभी का विवाह हो चुका है। मृतक खेती का कार्य करता था।

कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव की पहचान होने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *