जमानियां (गाजीपुर)। कैमूर जनपद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव के पास मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र लक्ष्मण गुप्ता (16) की असामयिक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सत्यम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाइक से लौट रहे थे और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई।
लक्ष्मण मूल रूप से गाजीपुर जनपद के सुहवल थाना क्षेत्र के पटखौलियां गांव का निवासी था और पिछले दस वर्षों से अपने ननिहाल रामनारायनपुर में मां के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सीबीएसई बोर्ड का छात्र था। सोमवार को वह अपने दोस्त सत्यम यादव के साथ उसके ननिहाल बिहार के तरुईया गांव गया था। मंगलवार को दोनों कोचिंग कर देहुढी लौटे, और वहां से सत्यम उसे उसके ननिहाल छोड़ने के लिए साथ जा रहा था। रास्ते में इमिलिया गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर छटपटाने लगे।
सूचना मिलने पर देहुढी गांव निवासी और निजी विद्यालय संचालक राधेश्याम सिंह ने मानवता दिखाते हुए अपने पुत्र अश्वनी सिंह को घटनास्थल पर भेजा। अश्वनी ने घायलों को तत्काल गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया। सत्यम का इलाज जारी है।
लक्ष्मण दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता अनिल कुमार गुप्ता बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रंजू देवी बेसुध हो गईं और अपने ससुराल पटखौलिया पहुंचकर दहाड़ मारकर रोने लगीं। गांव और ननिहाल दोनों जगह मातम पसरा हुआ है। सुहवल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई।










