जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में मंगलवार को एक तीन वर्षीय बालक के कीटनाशक दवा खाने से परिजनों में हड़कंप मच गया। इलाज के लिए उसे पीएचसी पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर गांव निवासी सुधीर शर्मा का तीन वर्षीय पुत्र आदर्श शर्मा घर में खेल रहा था। खेल-खेल में उसने अलमारी पर रखे कीटनाशक दवा को डंडे से गिरा लिया और उसे मुंह में डाल लिया। कुछ ही देर में बालक की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने बिना देरी किए उसे तत्काल नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बालक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज की जरूरत थी।










